कोरोना जांच में कोई नहीं मिला पॉजिटिव, 14636 लोगों को लगा टीका
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण लगभग नियंत्रण में है। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं मिला। संक्रमितों की कुल संख्या 20212 हो चुकी है, जबकि 19994 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक भी एक्टिव केस नहीं है और न ही कोई होम आइसोलेशन में है। जिले में अब तक 218 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए टीमें लगाई गई हैं। जांच कराई जा रही है। जनपद में इस समय कोई संक्रमित मरीज नहीं है। उन्होंने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने तथा वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
दूसरी ओर जनपद में टीकाकरण कार्य चल रहा है। वैक्सीन के लिए केंद्रों पर लोग पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल केंद्र पर भीड़ रही। विदेश जाने के लिए टीका लगवाने काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। जिले में शुक्रवार को 89 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। लक्ष्य 14580 के सापेेक्ष 14636 लोगों को टीका लगा। इन केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के 10120 व 951 बुजुर्गों, 45 वर्ष के ऊपर के 2389 लोगों को प्रथम तथा 1176 लोगों को वैक्सीन की द्वितीय डोज दी गई।