एक भी व्यक्ति नहीं मिला कोरोना पॉजिटिव, 2984 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण थम गया है। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं मिला। जनपद में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 20212 हो चुकी है, जबकि 19994 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक भी एक्टिव केस नहीं है और न ही कोई होम आइसोलेशन में है। जिले में अब तक 218 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए टीमें लगाई गई हैं। जांच कराई जा रही है। जनपद में इस समय कोई संक्रमित मरीज नहीं है। उन्होंने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने तथा वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
दूसरी ओर शनिवार को सभी केंद्रों पर वैक्सीन की द्वितीय डोज लगाई गई। वैक्सीन के लिए केंद्रों पर लोग पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल केंद्र पर भीड़ रही। विदेश जाने के लिए लोग टीका लगवाने के लिए काफी संख्या में आ रहे हैं। जिले में शनिवार को 52 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। लक्ष्य 5040 के सापेेक्ष 2984 लोगों को टीका लगा। इन केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के 714 व 851 बुजुर्गों, 45 वर्ष के ऊपर के 1354 लोगों तथा 65 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन की द्वितीय डोज दी गई।