कपिलवस्तु। प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने शनिवार को भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लुंबिनी के संरक्षण, विकास और अंतरराष्ट्रीय प्रचार को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया।
प्रधानमंत्री कार्की मायादेवी मंदिर भी गए और भगवान बुद्ध की जन्मभूमि के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संरक्षण के काम को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा, उन्होंने लुंबिनी क्षेत्र में स्थित थाई मठ सहित कई अंतरराष्ट्रीय मठ और इमारतें भी देखीं, जिसकी जानकारी ट्रस्ट के सचिव दीपक श्रेष्ठ ने दी।
प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि लुंबिनी केवल नेपाल की ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की साझा विरासत है। उन्होंने कहा कि इसे विकसित करते समय मौलिकता, शांति और धार्मिक सहिष्णुता को केंद्र में रखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार लुंबिनी डेवलपमेंट ट्रस्ट, स्थानीय समुदायों और अन्य स्टेक होल्डर्स के बीच समन्वय कर लंबे समय के मास्टर प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।