संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। नौशाद दुबई रिटर्न की तैयारी कर रहा था। इसके लिए वह हवाई टिकट भी बनवा रहा था, मगर इससे पहले मेरठ की मुस्कान की राह पर चल पड़ी मईल की रजिया सुल्तान ने प्रेमी रोमान (ननद के बेटे यानी भांजे) के साथ शनिवार की रात उसकी जिंदगी की डोर ही काट दी।
शव को पति के दुबाई वाले ट्रॉली बैग में पैक कर खेत में फेंक दिया। चर्चा है कि नौशाद पत्नी रजिया की हर सुख-सुविधा का ख्याल रखता था। उसके लिए मकान भी बनवा दिया था, मगर उसे क्या पता था उसी मकान में उसकी हत्या कर दी जाएगी।
रजिया के प्रेमी रोमान ने शव को ठिकाने लगाने के लिए ट्राॅली बैग का इस्तेमाल किया। शव को ट्रॉली बैग में पैक कर घर से करीब 55 किमी दूर सूनसान जगह पर फेंक दिया। दोनों को उम्मीद नहीं था कि इतनी जल्द उनकी करतूत खुल जाएगी। पुलिस के अनुसार, शव मिलने के बाद जब रजिया से कड़ाई से पूछताछ शुरू की गई तो वह बार-बार इधर-उधर की बातें करने लगी। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया और रविवार की रात में ही उसे हिरासत में ले लिया था।
बता दें कि मईल थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी 38 वर्षीय नौशाद पुत्र अली अहमद दुबई में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार में बंटवारे के बाद रहने के लिए उसके पास घर नहीं था। नौशाद ने पत्नी और बेटी के लिए एक नया मकान बनवाया था। दुबई में काफी दिनों से रहने की वजह से उसे हर साल 10 से 15 दिन की छुट्टी मिल जाती थी। इसके बाद वह घर आ जाता था।
10 दिन पहले ही वह दुबई से घर आया था। घर के कुछ अधूरे कार्य को पूरा करा लिया था। पुनः दुबई जाने के लिए टिकट बनवाने की तैयारी में जुटा हुआ था। इसी बीच पत्नी और प्रेमी भांजे तथा उसके साथी हिमांशु ने नौशाद की हत्या कर दी।