- सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी भी नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में हुए शामिल
- सफाई वाहनों के क्रय करने पर होने वाले व्ययभार की सर्वसम्मति से प्रदान की गई स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बापू भवन स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में पालिकाध्यक्ष अलका सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। सर्वप्रथम सदस्य गौहर अली ने पालिका के पदेन सदस्य के रूप में आये सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी व नवागंतुक अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी का सभासदों की तरफ से हार्दिक अभिनंदन व स्वागत किया।
अध्यक्ष की अनुमति से मनोज कुमार ने बैठक का संचालन करते हुए एजेंडा बिंदुओं को पढ़कर सुनाया। 26 जून को हुई बोर्ड की बैठक की चर्चा बाद सर्वसम्मति से पुष्टि की गयी। पालिका के राजस्व हित में नगर के विभिन्न स्थानों पर विज्ञापन के लिए एलईडी स्क्रीन लगाए जाने, सफाई वाहनों के क्रय करने पर होने वाले व्ययभार को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
पालिका के सफाई अनुभाग के कार्यालय, सफाई स्टार व वाहनों की धुलाई/मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर स्थापित करने और उसकी लागत खर्च, 2024-25 के लिए सफाई अनुभाग द्वारा संचालित वाहनों लुब्रीकेटिंग/ डीजल इंजन पर होने वाले व्यय, महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज से सिंचाई विभाग तिराहे तक डेकोरेटिव पोल सहित एलईडी स्ट्रीट लाइट आपूर्ति एवं अधिष्ठापन कार्य पर होने वाले व्यय, साथ ही नगर के विभिन्न स्थानों पर लगने वाले आरओ प्लांट व वाटर कूलर कम करने एवं क्रय करने पर होने वाले व्यय को स्वीकृति प्रदान की गयी।
जनहित में नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पाइप लाइन विस्तार कार्यों के व्ययभार सहित स्वीकृति प्रदान की गयी। सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट की आपूर्ति एवं स्थापना कार्य के साथ-साथ शासन को पेयजल व्यवस्था के लिए भेजे गए प्रस्तावों एवं पालिका द्वारा संचालित टाउन हॉल स्थित पुस्तकालय, वाचनालय जीर्णोधार/मरम्मत, रंगाई-पुताई आदि कराने के साथ-साथ पुस्तकों को सुरक्षित रखने के लिए आलमारी क्रय करने एवं उन पर पड़ने वाले व्ययभार को स्वीकृति प्रदान की गयी। पालिका द्वारा संचालित टाउन हॉल स्थित शिशु मंदिर मांटेसरी विद्यालय के लिए एकल अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास बनाए जाने पर होने वाले व्ययभार को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में पालिका के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों के साथ सभासद वंदना देवी, पुष्पा देवी, अजय कुमार, रूपा शुक्ला, संजय गुप्ता, माला देवी, अनिता चौरसिया, प्रवीण यादव, प्रियंका वर्मा, अमित मिश्रा, ऋषि कुमार यादव, शिवानंद, सौरभ तिवारी, बृजेश यादव, धर्मेन्द्र सिंह, जयप्रकाश शर्मा, पवन जायसवाल, मो. जावेद आलम, इन्दू देवी, उषा मिश्रा, सत्य प्रकाश सिंह उर्फ (पिन्टू), रमेश मल्ल, मनोज गोयल, संजय मिश्रा, उर्मिला तिवारी, गौहर अली, अभय कुमार मल्ल, नादरा तबसुम, तसलीम मलिक व नृपेन्द्र कुमार त्रिपाठी व अन्य उपस्थित रहे।