-एक माह पूर्व डढि़या गांव में हुई थी मारपीट, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने को भेजा
एक दिन पहले जेल से छूट कर आया है पिटाई करने का आरोपी देवर
संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। क्षेत्र के डढि़या गांव में मारपीट के दौरान घायल महिला की सोमवार की रात मौत हो गई। उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। एक माह पहले महिला और उसके देवर में रंजिश को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें महिला का हाथ भी टूट गया था।
घटना में पुलिस ने आरोपी देवर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में चालान किया था। आरोपी देवर एक दिन पहले ही जेल से छूट कर घर लौटना बताया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया। डढि़या गांव निवासी सविता देवी (48) वर्ष पत्नी रामलाल यादव का आठ जुलाई को देवर रामनयन से विवाद हो गया। इसमें महिला के बेटे प्रवीण यादव ने चाचा रामनयन पर मां को पीटकर अधमरा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्ष पर केस दर्ज किया और देवर रामनयन का चालान कर दिया।
महिला का इलाज गोरखपुर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। उसके बेटे प्रवीण के अनुसार घटना में उसकी मां के सीने और हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे सोमवार की रात उसकी मौत हो गई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि एक माह पूर्व हुई मारपीट में एकौना पुलिस ने कार्रवाई की थी। फिलहाल पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा है। रिपोर्ट और परिजनों की अग्रिम सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।