देवरिया। भलुअनी ब्लॉक के टेकुआ गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर कार्यरत शीला (29) पत्नी रुदल को मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम सहित मौके पर कुछ ही मिनटों में पहुंच गई।
एंबुलेंस में तैनात ईएमटी ऋतिका विश्वकर्मा ने मरीज की गंभीर स्थिति का आकलन करते हुए तुरंत उसे एंबुलेंस में शिफ्ट किया। इसके बाद एंबुलेंस में ही प्रसव कराया गया। मां-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
प्रसव पीड़ा तीव्र होने के कारण मरीज को घर से एंबुलेंस तक लाने में काफी कठिनाई हुई। यह मरीज का चौथा प्रसव था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी ऋतिका ने एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और किट की सहायता से सुरक्षित प्रसव कराया।