कोविड के बढ़ते संक्रमण से मेडिकल कॉलेज सतर्क
ड्यूटी पूरी होने पर सभी को करानी होगी आरटीपीसीआर जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज प्रशासन गंभीर हो गया है। एमसीएच विंग में प्रथम व द्वितीय तल पर मरीजों का इलाज किया जाएगा। यहां कुल 110 बेड की व्यवस्था की गई है। साथ ही चौदह-चौदह दिन का चिकित्सकों, एसआर, जेआर का कोविड ड्यूूटी रोस्टर तैयार कर लिया गया है। ड्यूटी पूरी होने पर सभी को आरटीपीसीआर जांच करानी होगी।
कोविड संक्रमण को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मरीजों के इलाज के लिए मुकम्मल इंतजाम किया है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल के निर्देश पर एमसीएच विंग के प्रथम, द्वितीय तल पर मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है। इसके मद्देनजर भूमि तल पर मरीजों के पंजीकरण, परीक्षण, चिकित्सकों सहित स्टोर आदि की व्यवस्था है। वहीं, मरीजों के इलाज के लिए प्रथम व द्वितीय तल पर व्यवस्था की गई है। मरीज व तीमारदारों का प्रवेश एमसीएच विंग के उत्तरी गेट से होगा। यहां परीक्षण के बाद मरीजों को वार्ड में पहुंचाया जाएगा। सभी तल पर चिकित्सक तैनात रहेंगे। इसके लिए चौदह-चौदह दिन का ड्यूटी रोस्टर तैयार कर लिया गया है। एक दिन में दो कंसल्टेंट, सीनियर रेजिडेंट तथा बारह जूनियर रेजिडेंट तैनात रहेंगे। तीन शिफ्ट में जूनियर रेजिडेंट (जेआर) की ड्यूटी लगाई हैं। हर शिफ्ट में दो-दो जेआर प्रथम व द्वितीय तल पर तैनात रहेंगे। जबकि कंसल्टेंट व सीनियर रेजिडेंट (एसआर) की ड्यूटी 12-12 घंटे होगी। इसके अलावा हर शिफ्ट में एक फार्मासिस्ट केे ड्यूटी लगाई है। कोविड के मरीजों का इलाज करने वाले चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों को जानकारी दी गई है। साथ ही उन्हें अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। यह ड्यूटी रोस्टर मरीज के भर्ती होने की तिथि से प्रभावी माना जाएगा। इसके अलावा अन्य तैयारी की कर ली गई है।
यह होगी इलाज की व्यवस्था
देवरिया। कोविड मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के एमसीएच विंग के प्रथम व द्वितीय तल पर 110 बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें 20 बेड का आईसीयू, 30 बेड का एचडीयू, 50 बेड का आइसोलेशन तथा दस बेड का ट्राइएज बनाया गया है। यहां वेंटीलेटर, एचएफएनसी, बाईपैप, ऑक्सीजन कंसेंटेटर उपलब्ध है। साथ ही सभी बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई है।
कोट
कोविड मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में तैयारी की गई है। प्राचार्य के निर्देशन में 110 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां वार्डों व बेडों को सुविधाओं सेे लैस किया गया है। साथ ही चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
-डॉ. एचके मिश्रा, नोडल अधिकारी व बाल रोग विशेषज्ञ