तरकुलवा (देवरिया)। विकास खंड के ग्राम पंचायत मैनपुर में आयोजित एक दिवसीय महात्मा गांधी प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में मऊ की टीम ने आजमगढ़ को 17-12 से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
प्रतियोगिता में गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बड़हलगंज, सिवान, महराजगंज, सिवान, भोरे (बिहार) आदि जिलों की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। रविवार को दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खिलाड़ियों ने पूरे दिन अपने दमखम का परिचय दिया। देर शाम को फाइनल मैच मऊ और आजमगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। इसमें पहले राउंड में दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ, लेकिन फाइनल राउंड में आजमगढ़ की टीम पिछड़ती चली गई तथा मऊ की टीम ने 17-12 से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना की पूर्व विधायक गजाला लारी, सोशलिस्ट सुभाष पाठक, पूर्व प्रधान शिव शंकर यादव, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश राव, आयोजक प्रधानाचार्य शर्मा यादव आदि ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि कबड्डी भारत की एक प्रमुख खेल है। बेटियों को कबड्डी खेलते देखकर काफी अच्छा लगा। एक दिन यही बेटियां देश के लिए मेडल जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन करेंगी। निर्णायक की भूमिका नसीम शर्मा व इजहार खान ने निभाई। कमेंट्री राजू हिंदुस्तानी ने किया। इस दौरान पूर्व प्रधान राम नयन सिंह, नीतीश विश्वकर्मा, श्रीप्रकाश दुबे, रविंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।