मौर्य एक्सप्रेस का इंजन फेल, दो घंटे परेशान रहे यात्री
भटनी। मौर्य एक्सप्रेस के इंजन में सोमवार को खराबी आ गई। उसके चलते दो घंटे तक ट्रेन में सवार यात्री परेशान रहे। जानकारी पर दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
गोरखपुर से हटिया जाने वाली मौर्य एक्सप्रेस देवरिया से भटनी के लिए निकली। नूनखार स्टेशन के आगे बढ़ने पर सिसई गांव के सामने अचानक मौर्य एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। लोको पायलट ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
गोरखपुर से दूसरा इंजन मंगवाकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान दो घंटे ट्रेन में सवार यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि मौर्य एक्सप्रेस के इंजन में खराबी के चलते डाउन ट्रैक दो घंटे तक प्रभावित रहा। दूसरा इंजन आने के बाद ट्रेन रवाना हुई है।