खुखुंदू। खुखुंदू ब्लॉक निर्माण की मांग का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ने लगा है। ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को विभिन्न संगठनों ने बाजार में पैदल थाली मार्च कर सरकार विरोधी नारे लगाए गए। इसके बाद चौराहे पर एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने निर्णय लिया कि अगर मांग जल्द पूरा नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि लंबे अरसे से चली आ रही मांग को सरकार नजर अंदाज करती आ रही है। थाली बजाकर पैदल मार्च करने का मतलब था कि सरकार के पास संदेश पहुंच जाए कि मुद्दा ठंडा नहीं हुआ है। ब्लॉक की मांग को समय रहते अमलीजामा नहीं पहनाया गया तो इस बार की लड़ाई आरपार की लड़ी जाएगी। वक्ताओं ने मांग की कि ब्लॉक को अस्तित्व में लाकर तत्काल बीडीओ की तैनाती की जाए। इस दौरान संरक्षक नथुन राय,अध्यक्ष सोबराती किदवई, पूर्व विधायक स्वामीनाथ, पूर्व चेयरमैन सुधाकर गुप्ता, प्रधान दीनदयाल यादव,लियाकत, प्रधान के पति जयराम प्रसाद, सेराज और हरीनाथ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।