व्यक्ति ने नदी में लगाई छलांग, मछुआरों ने बचाया
कपरवार। स्थानीय उग्रसेन पुल से बुधवार को रुद्रपुर निवासी एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी। संयोग रहा कि मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उसे नदी में कूदते देख लिया। उन्होंने जाल फेंककर उसे बचा लिया। लोगों के मुताबिक, पारिवारिक कलह के चलते व्यक्ति ने ऐसा कदम उठाया था।
उग्रसेन सेतु पर दोपहर को एक अधेड़ खड़ा था। राहगीर जब तक कुछ समझ पाते, उसने पुल से राप्ती में छलांग लगा दी। उसे देख लोग शोर मचाने लगे। व्यक्ति को डूबता देख मछली पकड़ रहे नाविकों ने नाव दौड़ा दी। नदी के तट पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधा घंटा के रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला जा सका।
वह व्यक्ति रुद्रपुर के दुग्धेश्वरनाथ वार्ड नंबर 12 का रहने वाला है। चौकी इंचार्ज श्रीप्रकाश ने बताया कि उस व्यक्ति को समझाकर उसके पुत्र के सुपुर्द कर दिया गया है।