देवरिया। नगर पालिका परिषद देवरिया में रसोई गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिए की जाएगी। इस पर काम भी शुरू हो चुका है। इससे लोगों को सिलिंडर खरीदने से निजात मिल जाएगी। भारत पेट्रोलियम ने पिछले माह दिसंबर से पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया है। कनेक्शन के लिए शहर के विभिन्न मोहल्लों के 20 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। पूर्व में भारत पेट्रोलियम ने कनेक्शन के लिए सर्वे कराया गया था। तीन फर्मों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पालिका के कई मोहल्लों में कार्य पूरा कर लिया गया है। भारत पेट्रोलियम की ओर से चकियवा ढाला के पास सामान स्टोर में पहुंचाया जा रहा है। जिन मोहल्ले के लोगों ने पहले कनेक्शन के लिए आवेदन फाॅर्म भरे हैं। उसी मोहल्ले में पहले रसोई गैस पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है।
शहर में लोगों के घरों में रसोई गैस की आपूर्ति के लिए गोरखपुर के खानीपुर से देवरिया तक भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
इस परियोजना के शुरू होने से शहर के लोगों को सिलिंडर से कम दाम में रसोई गैस सीधे किचन तक पहुंचाई जाएगी। कनेक्शन के बाद मीटर लगेगा। जितना रसोई गैस खर्च होगा उतना ही बिल आएगा। बीपीसीएल के अधिकारी नंदन ने बताया कि कार्य दिसंबर माह से चल रहा है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। देवरिया में कनेक्शन के लिए लगभग 20 हजार लोगों ने आवेदन किया है।
सिटी गैस स्टेशन से होगी आपूर्ति : शहर के पास एक सिटी गैस स्टेशन बनाया जाएगा। जहां तक बड़ी पाइपलाइन के जरिए गैस पहुंचेगी। स्टेशन से डिस्ट्रिक रेगुलेटिंग सिस्टम तक गैस पहुंचेगी। इसके बाद पाइपलाइन के जरिए कॉलोनी, मोहल्ला या सोसायटी में सप्लाई किया जाएगा। कॉलोनी, मोहल्ला या सोसायटी में पाइपलाइन सर्विस रेगुलेटर रायशर आइसोलेशन वॉल्व से गुजरेगी। इसके बाद पाइपलाइन सीधे किचन तक पहुंचेगी। जहां उस पर मीटर कंट्रोल वॉल्व, मीटर रेगुलेटर और अंत में अपलाइंस वॉल्व लगा होगा। इस वॉल्व से पाइप सीधे चूल्हे से जुड़ा होगा। चूल्हे का स्विच घुमाते ही गैस आपूर्ति शुरू हो जाएगी। आप जितना इस्तेमाल करेंगे मीटर में उसकी रीडिंग दर्ज होगी। रीडिंग के अनुसार एक निश्चित अवधि के बाद आपको बिल प्राप्त होगा। उसका भुगतान करना होगा।
गैस कनेक्शन लेने से मिलेगी मुक्ति
नए उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन लेने से मुक्ति मिल जाएगी। इस सिस्टम में आपको रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके बाद कनेक्शन मिल जाएगा। सिलिंडर बुक करवाने, उसका इंतजार करने और अचानक गैस खत्म हो जाने जैसी समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
इन जगहों पर बिछाई जा जुकी है पाइप
पड़री बाजार, चकियवां, रामगुलाम टोला, भुजौजी, साकेत नगर में गैस पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। उमा नगर में आधा कार्य हुआ है। वहां कार्य चल रहा है।