भटनी (देवरिया)। थाना क्षेत्र से एक गांव से दो महीने पहले अपहृत हुई किशोरी का लोकेशन लखीमपुर खीरी में मिला है।
शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी किशोरी से शादी का दवाब बना रहा है। परिवार वालों के पहुंचने पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
जानकारी के अनुसार, भटनी थाना क्षेत्र की एक किशोरी करीब दो माह पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार वालों ने किशोरी के मोबाइल की जांच की तो आरोपी युवक के बारे में जानकारी मिली। लखीमपुर खीरी में होने की बात सामने आई। 23 जुलाई को किशोरी के माता-पिता उसे वापस लाने के लिए आरोपी के घर पहुंचे, जहां किशोरी मौजूद मिली।
परिवार वालों ने उसे साथ ले जाने का प्रयास किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उन्हें भगा दिया। आरोप है कि आरोपी किशोरी पर शादी करने का दबाव बना रहा है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि प्रेम-प्रसंग का मामला है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।