रेस्टोरेंट में जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
बघौचघाट। पथरदेवा कस्बे के एक रेस्टोरेंट में दो दिन पहले परोसे गए चाऊमिन में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। कहा जा रहा है कि चाऊमिन खाने के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में हुआ है।
मंगलवार को इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट पर पहुंचकर जांच की। टीम ने चाऊमिन, पनीर और एक मिठाई का नमूना लिया। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती। बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पहले की है। पथरदेवा कस्बा निवासी मोहित मद्धेशिया अपने चार दोस्तों के साथ रविवार को एक रेस्टोरेंट में चाऊमिन खाने पहुंचा था।
आरोप है कि चाऊमिन परोसने के दौरान उसमें छिपकली मौजूद थी। मोहित ने प्लेट से कुछ निवाले खा लिए, तभी उसकी नजर चाऊमिन में दबी पड़ी छिपकली पर गई। यह देखते ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। उसके दोस्तों ने भी अपने प्लेट में चाऊमिन छोड़ दिया और तत्काल उसे प्राथमिक उपचार के लिए ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया गया।
मंगलवार की सुबह इलाज के बाद मोहित और उसके दोस्त घर लौटे। दोपहर बाद इससे संबंधित एक वीडियो वायरल होने लगा। मोहित और उसके दोस्तों का कहना है कि चाऊमिन के प्लेट में छिपकली मिलने पर उन लोगों ने प्लेट को रेस्टोरेंट मालिक को दिखाया था।
बाद में वे लोग मोहित का इलाज कराने चले गए थे। अब इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिये सभी को दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में चाऊमिन के बीच छिपकली दिखाई दे रही है।
मंगलवार की शाम को देवरिया से खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम भी पथरदेवा के रेस्टोरेंट पर पहुंची थी।
टीम ने रेस्टोरेंट से चाऊमिन, पनीर और एक मिठाई का नमूना लिया और मामले की जानकारी लेकर लौट गई।