दरवाजे पर किशोर का शव रख आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े परिजन
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुअवा बजराटार गांव के किशोर की हत्या से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार की रात हंगामा किया। वे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देर रात मुकदमा दर्ज हुआ। रविवार को गलत धारा में केस दर्ज करने की सूचना पर दरवाजे पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पाकर पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। उनके समझाने-बुझाने के बाद परिजन दाह संस्कार के लिए राजी हुए। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर एक व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
तरकुलवा थानाक्षेत्र के महुअवा बजराटार गांव निवासी कैलाश प्रजापति का 15 वर्षीय पुत्र शुभम प्रजापति अपने गांव के एक व्यवसायी के साथ शुक्रवार सुबह कसया गया था। व्यवसायी ने किशोर के मार्ग दुर्घटना में घायल होने और सीएचसी कसया में इलाज कराने की सूचना दी। परिजन सीएचसी कसया पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। परिजनों ने व्यवसायी से संपर्क किया तो उसने पहले गोरखपुर और फिर चौरीचौरा में होने की बात बताई। उधर, देर शाम जिला अस्पताल देवरिया से परिजनों को शुभम की मौत की सूचना दी गई। जब परिजन जिला अस्पताल गए तो किशोर का शव पोस्टमार्टम हाउस पर छोड़कर व्यवसायी फरार था। किशोर की मां ज्ञांती देवी ने व्यवसायी पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
उधर, कार्रवाई के लिए शनिवार की देर शाम परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुंडेरा बाबू चौराहे पर सड़क जाम कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। आरोप है पुलिस ने ग्रामीणों पर बल प्रयोग किया। इसमें मृतक की मां सहित कई लोग चोटिल हो गए। पोस्टमार्टम के बाद जब किशोर का शव घर पहुंचा तो गुस्साए ग्रामीणों ने दरवाजे पर शव रखकर दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया। देर रात मौके पर पहुंचे सीओ सदर डॉ. श्रीयश त्रिपाठी के निर्देश के बाद तरकुलवा पुलिस ने आरोपी विनय उर्फ मुन्ना के खिलाफ हत्या और गलत सूचना देने का मुकदमा दर्ज कर लिया। रविवार की सुबह किसी ने परिजनों को बता दिया कि पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण फिर आक्रोशित हो गए। शव को दरवाजे पर रखकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पूर्व मंत्री के समझाने पर परिजन दाह संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। देर शाम को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, एसपी संकल्प शर्मा ने भी गांव पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
मृतक किशोर की मां की तहरीर पर व्यवसायी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -डॉ. श्रीयश त्रिपाठी, सीओ सदर