देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भुजौली कालोनी के रहने वाले कारोबारी श्रवण कुमार मद्धेशिया ने मुख्यमंत्री से अपने घर में हुई चोरी और बाद में पुलिस जांच में बेटे को फंसाने के मामले में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ गोरखपुर में अनशन पर बैठ जाएंगे।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कारोबारी ने कहा है कि 13 जुलाई को उनके घर में दिनदहाड़े 15 लाख की चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में उनके बेटे को ही फंसा दिया और रकम खुद हड़प ली थी। तबसे उनका बेटा डिप्रेशन में चल रहा है।
श्रवण कुमार ने कहा है कि गोरखपुर में मनीष हत्याकांड में पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई कार्रवाई और जेल भेजने से उनका हौसला बढ़ है। कारोबारी ने मुख्यमंत्री के अलावा डीएम, एसपी को भी पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
भुजौली कॉलोनी में 13 जुलाई 2021 को कारोबारी श्रवण कुमार मद्धेशिया के घर चोरों ने दिनदहाड़े 15 लाख से अधिक रुपए चोरी कर लिए थे। कोतवाली पुलिस ने इस घटना का खुलासा 24 घंटे अंदर नाटकीय अंदाज में खुलासा कर खूब वाहवाही लूटी थी। तब पुलिस ने श्रवण कुमार के बेटे पर ही चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया था। बेटे को फंसता देख तब कारोबारी ने रिपोर्ट लिखाने से मना कर दिया था। हालांकि उनकी चोरी गई रकम आज तक बरामद नहीं हुई है।
प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक/ सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि मेरे पास कोई शिकायती पत्र नहीं आया है। शिकायती पत्र प्राप्त होते ही मामले में जांच कराई जाएगी।