दुकानदार को झांसा देकर लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार
मईल/बरठा लाला। स्थानी चौराहे पर आभूषण दुकानदार को झांसा देकर लाखों रुपये के गहने लेकर जालसाज फरार हो गए। ठगी का अहसास होने पर दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
तेलिया कला गांव निवासी मुन्ना अंसारी बरठा चौराहे पर दर्जी का कार्य करते हैं। दुकान पर बृहस्पतिवार को उसके पिता महमूद अंसारी थे। तीन जालसाज महमूद के पास पहुंचे बोले कि हमारे यहां शादी है कपड़ा सिलाई करानी है। हम आपके पड़ोस में नरसिडाढ़ गांव के रहने वाले हैं और आपकी पहचान की कोई दुकान हो तो गहना लेना है। मकसूद जालसाजों के झांसे में आ गया। वह इन तीनों को लेकर गांव के दुकानदार विनोद वर्मा के यहां पहुंच गए और बताया कि इन लोगों को सही भाव से गहना दे देना। जालसाजों ने विनोद वर्मा को भी झांसे में ले लिया। दुकान से हार, टीका, मंगलसूत्र, चेन आदि गहने को घर दिखा कर लाने की बात कह कर चले गए। शाम तक जालसाज नहीं लौटे तो दुकानदार परेशान हो गया और इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि उसकी दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उस समय बंद था। दुकानदार ने उन सब का नाम और पता नहीं लिखा है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।