सीसीटीवी कैमरे का फुटेज वायरल होने से एक संदिग्ध की पहचान
देवरिया। शहर के अमर ज्योति चौराहे के पास से नई बाजार में स्थित आभूषण की दो दुकानों में हुई लाखों रुपये की जेवर चोरी की घटना के पर्दाफाश के करीब पुलिस पहुंच चुकी है। सीसीटीवी कैमरे का फुटेज वायरल होने पर एक आरोपित की पहचान पुलिस ने कर ली है। पुलिस इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
शहर के गरूलपार मोहल्ला निवासी मनोज वर्मा, सिंधी मिल कालोनी के इलाही टोला के इम्तियाज अहमद और गायत्रीपुरम निवासी राहुल वर्मा के शहर के अमर ज्योति टाकिज चौराहे के पास नई बाजार में आभूषण की दुकान है। सोमवार की सुबह करीब दस बजे जब दुकानदार पहुंचे तो देखा कि दुकानों से लाखों रुपये का जेवर चोरी हो गए थे। राहुल वर्मा की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में पुलिस के हाथ अहम सुराग मिले। फुटेज में तीन आरोपित दुकान में चोरी करते हुए दिखे।
इसके आधार पर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान कुुछ लोगों ने फुटेज को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बुधवार को किसी अनजाने व्यक्ति ने आरोपी के बारे में पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना दी और उसका फोटो भेज दिया। पुलिस ने फुटेज और फोटो का मिलान कराया तो मिल गया।
इतना ही नहीं कुछ पुलिसकर्मियों ने भी कई वाट्सएप ग्रुपों में भी फुटेज को शेयर कर पांच हजार रुपये का इनाम देने की बात कही। पथरदेवा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को एसओजी ने शक के आधार पर हिरासत में लेकर मोबाइल लोकेशन एवं कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।
सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ अहम सुराग मिले हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि घटना में शामिल बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।