जौनपुर जिले के जलालपुर थानाक्षेत्र के चवरी गांव का निवासी आनंद की पत्नी माधुरी थानाक्षेत्र के जलुआ गांव में बने जच्चा-बच्चा केंद्र पर लगभग तीन वर्ष से संविदा पर एएनएम के पद पर कार्यरत है। वह अपने बच्चों के साथ यहीं रहकर नौकरी करती है। माधुरी का पति से अक्सर विवाद होता रहता है। जिस कारण वह पति से अलग रहती है।
पति आनंद रविवार की दोपहर में तरकुलवा थाना परिसर के समीप बने ओवरहेड टैंक पर चढ़कर पत्नी को बुलाने की मांग करने लगा। यह देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन युवक पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। काफी मशक्कत के बाद कस्बे के दो युवक उसे पानी का बोतल देने के बहाने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गए। युवकों ने उसे जबरदस्ती पकड़कर टैंक से नीचे उतारा। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली। जब पत्नी से संपर्क किया गया तो वह लखनऊ में पीईटी की परीक्षा देने जाने की बात बताई। थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी पत्नी को कल थाने बुलाया गया है।