देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में जिला अस्पताल खोलने की उम्मीद जगा गए।
उन्होंने जमीन मिलने पर जिला अस्पताल खोलने की बात कही। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का जनसभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने जिले में सड़कों व विकास कार्याें की चर्चा करने के साथ-साथ हिंदुत्व के आयाम को भी अपने भाषण में उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने मंच से जिला अस्पताल खोलने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के लिए जमीन खोजने के लिए कहा है। जमीन मिलने पर यहां जिला अस्पताल खोला जाएगा।
उधर, मोहन सिंह जिला संयुक्त चिकित्सालय के मेडिकल काॅलेज में अपग्रेड होने के बाद जिला अस्पताल की मांग शुरू हो गई थी। मेडिकल काॅलेज में उमड़ रही मरीजों की भीड़ के चलते इस मांग ने और जोर पकड़ लिया है।
इसके लिए दो वर्ष पहले भुजौली काॅलोनी में नगर पालिका परिषद के स्लेज फार्म की जमीन को चिह्नित किया गया था। पर यह प्रस्ताव परवान नहीं चढ़ सका।
इसके बाद जिला अस्पताल के लिए जमीन की खोज फिर शुरू हो गई, पर अब तक जमीन का इंतजाम नहीं हो सका है।
इसके चलते जिला अस्पताल का सपना अब तक सपना ही रह गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद एक बार फिर जिला अस्पताल की उम्मीद कायम हो गई है।