ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित, प्रधान को दिया जाएगा नोटिस
देवरिया। सलेमपुर विकास खंड के ग्राम पयासी में पंचायत सहायक की भर्ती प्रक्रिया में की गई गड़बड़ी के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत यादव को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पंचायतराज विभाग में खलबली मच गई है।
हर गांव में पंचायत सहायक की नियुक्ति की गई है। पयासी गांव की महिला ने कोरोना रिपोर्ट लगाकर पंचायत सहायक के लिए आवदेन किया था। जांच में कोरोना रिपोर्ट गड़बड़ मिली। उसके बाद मेरिट के आधार पर पंचायत सहायक की नियुक्ति होनी थी। आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी ने कोरोना रिपोर्ट वाले की नियुक्ति करवा दी।
मेरिट के आधार पर दावेदारी करने वाली महिला ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत यादव को निलंबित कर दिया है। डीपीआरओ अविनाश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। मेरिट के आधार पर प्रथम वरीयता वाली महिला की नियुक्ति की गई है। इम मामले में ग्राम प्रधान को भी नोटिस दिया जाएगा।