संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। विद्यालयों की मान्यता दिलाने के नाम पर वसूली का खेल एक गिरफ्तारी के बाद खुलकर सामने आने लगा है। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक को एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा और जेल भेज दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र के कई विद्यालय प्रबंधक दबी जुबान घूस देने की बात स्वीकार कर रहे हैं।
चर्चा है कि अगर इस पूरे मामले की व्यापक जांच कराई गई तो जिले के कई जिम्मेदारों पर गाज गिर सकती है। प्रबंधकों का कहना है कि मान्यता दिलाने की प्रक्रिया में बिना लेन-देन काम ही नहीं होता। अब जब एक कर्मचारी जेल पहुंच चुका है तो कई बड़े नाम भी बेनकाब होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि इस खेल में सिर्फ कर्मचारी ही नहीं बल्कि विभागीय अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ सकती है। लोगों का कहना है कि अगर जांच निष्पक्ष हुई तो कई और जिम्मेदार कार्रवाई की जद में आएंगे। बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है शिकायत मिलने पर इसकी जांच कराई जाएगी।