संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया में मंगलवार सुबह बंदूक साफ करते समय गार्ड की बंदूक से गोली चल गई। इस वहां मौजूद और आसपास के लोग सहम गए। संयोग अच्छा था कि घटना बैंक खुलने से कुछ देर पहले हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रेलवे माल गोदाम के ठीक सामने की गली में बैंक आफ इंडिया स्थित है। सुबह करीब 10:00 बजे पूर्व बैंक का मुख्य चैनल बंद कर कर्मचारी आवश्यक कार्य निपटा रहे थे। इसी दौरान बैंक के निजी गार्ड हरे राम प्रसाद बंदूक साफ कर रहे थे। अचानक बंदूक का ट्रिगर दबने से गोली चल गई। आवाज से आसपास के लोग सहम गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। संयोग रहा कि बैंक का चैनल बंद होने के कारण लोग अभी बाहर खड़े थे। अंदर केवल कर्मचारी थे। गोली चलने से निजी गार्ड के बगल में खड़ा एक बुजुर्ग बाल-बाल बच गया। रेलवे रोड पुलिस चौकी प्रभारी सुभाष पांडे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गार्ड ने पुलिस को बताया कि बंदूक साफ करते समय गोली चल गई थी। बैंक अभी खुला नहीं था। कोतवाली के एसएसआई बदरूद्दीन खां ने बताया कि जानकारी मिली है।
अभी कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी घटना
शहर के राघव नगर में स्थित सिंडीकेट बैंक में एक सप्ताह पहले होमगार्ड जवान श्रीकिशुन यादव बैंक ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बैंक के निजी गार्ड की बंदूक से गोली चल गई और होमगार्ड जवान घायल हो गया। जिसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।