नवनिर्मित मकान में लगी आग, घरेलू सामान जला
पुलिस चौकी के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। कस्बे के एक नवनिर्मित मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जिसमें रखा 40 कुंतल धान, सागौन की लकड़ी और दरवाजा सहित लाखों का सामान जल गया। मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि किसी ने रंजिशवश आग लगाई है। उन्होंने पुलिस को इस संबंध में तहरीर भी दी है।
पथरदेवा पुलिस चौकी के बगल में भेलीपट्टी गांव निवासी जितेंद्र सिंह पटेल नया मकान बनवाए हैं। जिसमें अभी काम चल रहा है। बृहस्पतिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सुबह जब जितेंद्र गांव के पुराने मकान से नए आवास पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। पूरा घर धुएं से भरा हुआ था। मकान में तड़कने की आवाज आ रही थी। जब फाटक का ताला खोलकर अंदर गए तो सब कुछ जल गया था। उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। गांव के लोग पहुंचे तो कुछ सामानों को निकाला गया। पुलिस ने भी मुआयना किया। जितेंद्र ने बताया कि 40 कुंतल धान, सागौन की लकड़ी, जिसकी कीमत 50 हजार थी, वहीं तीन चौकी, फ़ाटक, वायरिंग का सामान, छत में पड़ा पाइप सब जल गया है। थाना प्रभारी नवीन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।