देवरिया। कृषि विभाग में सरकारी योजना के लाभ के लिए पंजीकृत किसानों के मोबाइल नंबर पर जालसाज भी कॉल करके व्यक्तिगत जानकारी ले रहे हैं। ऐसे में किसान धोखाधड़ी के भी शिकार हो सकते हैं। इसकी जानकारी होने पर कृषि विभाग ने किसानों को मोबाइल पर निजी जानकारी शेयर नहीं करने के लिए आगाह किया है।
उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने बताया कि पीएम कुसुम सोलर पम्प योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने बुकिंग कराई थी, उनके टोकन कन्फर्म कर दिए गए हैं। योजना के तहत चयनित कृषकों को अपना कृषक अंश जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर निर्धारित की गई है। किसान पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन अथवा चालान के माध्यम से निर्धारित धनराशि जमा कर सकते हैं। लेकिन, इस समय पंजीकृत किसानों के मोबाइल पर अनजान और फर्जी कॉल भी आ रही है। किसान ऐसे कॉल पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
सोलर पम्प योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा किसी प्रकार की सहायता के लिए कृषक अपने नजदीकी विकास खण्ड स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संवाद