चुनाव कर्मियों को उपलब्ध कराया जाएगा फार्म 12 डी
देवरिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम कुंवर पंकज ने आवश्यक सेवा की श्रेणी में कुल 11 सेेवाओं से जुड़े विभागों की बैठक शुक्रवार को चुनाव कार्यालय में की। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देेशों का अनुपालन करते हुए अपने विभाग के किसी अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने एवं ऐसे कर्मियों को फॉर्म 12 डी उपलब्ध कराते हुए उसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा।
एडीएम ने कहा कि आयोग की ओर से ऐसी सेवाओं से जुड़े कर्मियों को चिह्नित कर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान के लिए अर्ह किया गया है। उन्होंने कहा कि फार्म 12 डी ऐसे कर्मचारियों को उपलब्ध कराना है जो निर्वाचन तिथियों में ड्यूटी पर रहने के कारण मतदान की सुविधा मतदेय स्थल पर जाकर नहीं उठा पाएंगे। ऐसे कर्मचारी को फार्म-12डी को भर कर उपलब्ध कराना होगा। ऐसे सभी प्रपत्र 12डी को विभागीय नोडल अधिकारी द्वारा सत्यापन किया जाएगा। 12डी प्रत्येक दशा में अधिसूचना जारी होने के पांच दिन के अंदर रिटर्निंग आफिसर को प्राप्त हो जाए। नोडल अधिकारी का दायित्व होगा कि वह अपने सभी कर्मचारी को इससे अवगत कराए। इस दौरान एएसडीएम मंजूर अहमद, एसीएमओ डॉ. संजय चंद, अधीक्षण अभियंता विद्युत जीएम यादव आदि मौजूद रहे।