रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर पुलिस ने 15 मई को वाहन चेकिंग के दौरान शराब से भरी एक कार का पीछा किया था। कार झाड़ियों में फंसकर रुक गई थी। चालक कार छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने चेचिस नंबर की जांच की तो यह गाड़ी बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के दिनेश की है। पुलिस ने वाहन स्वामी पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई को श्रीरामपुर पुलिस टीम हरेराम चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पड़री बाजार की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार को रोकने की कोशिश की गई, मगर चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। श्रीरामपुर पुलिस टीम कार का पीछा करती रही। इस दौरान चालक कार को पड़री के रास्ते वापस लेकर भागने लगा और फिर जगदीशपुर जाने वाले रास्ते की तरफ मुड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों से टकरा गई।
इसके बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो पिछली सीट से तीन पेटी अंग्रेजी शराब और 60 पाउच अवैध देसी शराब बरामद हुई।
वाहन के चेचिस नंबर की जांच के आधार पर पुलिस ने वाहन स्वामी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है ।