फिल्म देखते मारवाड़ी समाज के लोग। स्रोत-संस्था
देवरिया। श्री राणी सती दादी सेवा समिति के तत्वाधान में रविवार को शहर के सूरज मल्टीप्लेक्स में महारानी श्री राणी सती दादी के जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म मोटी सेठानी का दो शो में प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में जुटे मारवाड़ी समाज के लोगों ने फिल्म को देखा और भावुक हो गए। वापस आते समय लोगों ने कलाकारों के अभिनय और कहानी को सराहा।
दादी परिवार के सदस्य पुरुषोत्तम मरोदिया व आनंद अग्रवाल ने बताया कि मूलतः झुंझनू निवासी राणा संजय तुलस्यान जो कि परम दादी भक्त हैं, उन्होंने फिल्म मोटी सेठानी को बनाया है। श्री दादी जी के जीवन चरित्र पर आधारित फिल्म मोटी सेठानी के माध्यम से वह हर उस व्यक्ति तक दादी की अमर कहानी पहुंचाने का कार्य किया है जो दादीजी को मानते और पूजते हैं, पर उनके बारे में बहुत नहीं जानते। इस फिल्म के माध्यम उनकी बहुत से सवालों के जवाब मिल जाएंगे। फिल्म के दोनों शो हाउसफुल रहे। फिल्म के प्रदर्शन पर शरद अग्रवाल, प्रवीण केडिया, प्रमोद राजगढ़िया, राहुल पोद्दार, सौरभ अग्रवाल, नवनीत अग्रवाल, मुरारी खेतान, सचिन अग्रवाल, अनूप लाडिया ने हर्ष जताया।