संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। सलेमपुर में रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण के लिए विभाग सक्रिय हो गया है। आईटीआई और कृषि विभाग की भूमि पर स्थित जर्जर भवन को ध्वस्त करने के बाद परिवहन निगम के अधिकारियों ने राजस्व कर्मचारियों के साथ बस स्टेशन के लिए सीमांकन कार्य पूरा कर लिया है।
उम्मीद है कि जून माह के अंत तक निर्माण शुरू हो जाएगा।सलेमपुर बस अड्डे के लिए काफी समय से मांग चल रही थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने शासन को पत्र लिखकर सलेमपुर बस अड्डे को जनहित का मुद्दा बताते हुए उसके निर्माण की मांग की थी। शासन ने डीएम को भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए थे।
डीएम ने एआरएम और तहसील प्रशासन ने भूमि नगर पंचायत के राजस्व ग्राम सलाहाबाद में कृषि योग्य बंजर के तहत भूमि चिह्नित की। इसमें कृषि विभाग का कार्यालय अनुपयोगी पाया गया।वहीं उद्योग एवं प्रसार विभाग की ओर से निर्मित आईटीआई का भवन भी जर्जर व अनुपयोगी स्थिति में मिला।
दोनों विभागों की टीमों ने भूमि को बस अड्डा के लिए अनुकूल बताते हुए रिपोर्ट डीएम को भेज दी। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने 14 मार्च 2024 को भेजे पत्र में कहा कि सलेमपुर मेंं बस अड्डा बनाने के लिए तीन करोड़ 17 लाख 19 हजार रुपये परिवहन निगम को दी गई है। निर्माण के लिए उप्र प्रोजेक्ट्स काॅरपोरेशन लिमिटेड को नामित कर दिया गया है।
ठेकेदार की लापरवाही के चलते निर्माण शुरू नहीं किया जा सका। इस पर अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा ने क्षेत्रीय प्रबंधक व डीएम देवरिया को पत्र भेजकर संबंधित निर्माण को ध्वस्त कराने के निर्देश दिए हैं।