कार की चपेट से साइकिल सवार की मौत
गौरी बाजार। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर गौरी बुजुर्ग शिव मंदिर के पास देवरिया की ओर से तेज रफ्तार आ रही कार की चपेट से साइकिल सवार मजदूर की शनिवार की सुबह मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के करमाजीतपुर निवासी रामा प्रजापति (33) अपने दो भाइयों में छोटे थे। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। सुबह वह साइकिल से मजदूरी के लिए गौरी बाजार आ रहे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रही कार की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस एवं परिजन उसे सीएचसी गौरी बाजार ले गए। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। पत्नी ज्ञानती देवी, बेटी खुशी, ज्योति तथा लड़के भोला का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसआई महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कार की तलाश की जा रही है।