बलिया-देवरिया को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त पुल के गड्ढे में उछला ट्रैक्टर, गिरकर चालक की मौत
भागलपुर(देवरिया)। भागलपुर पुल पर बने गड्ढ़े में उछलकर गिरने से ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। चालक बलिया जिले के बेल्थरा रोड की तरफ से ईंट लदा ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। पुल पर बने गड्ढ़े में ट्रैक्टर का पहिया पढ़ने से वह ट्रैक्टर से उछलकर नीचे गिर गया।
बलिया जिले के उभांव थाने के बांसपार बहोरवा गांव निवासी श्रीनारायण चौहान (60) उभांव क्षेत्र के किर्सी इंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाते थे। शनिवार को वह ईंट लादकर भागलपुर कस्बा आ रहे थे। क्षतिग्रस्त पुल पर बने गड्ढे से बचने के चक्कर में ट्रैक्टर उछल गया। वह नीचे गिर कर ट्रैक्टर के अगले पहिए की चपेट में आ गए। ट्रैक्टर पर सवार मजदूर इरफान ने ट्रैक्टर बंद किया और चालक को फुटपाथ पर सुलाया और ट्रैक्टर मालिक को सूचित किया। मालिक के साथ परिजन भी पहुंचे। राहगीरों ने इसकी सूचना भागलपुर पुलिस चौकी को दी। चौकी पर तैनात कांस्टेबल ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले लिया और परिजन घायल को बेल्थरा रोड सीएचसी ले गए। इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। उभांव थाने का नंबर नहीं मिलने पर सीओ रसड़ा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है, थाने से बात करता हूं।