क्लीनिक पर ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत पर तीमारदारों ने काटा बवाल
देवरिया। मगहरा चौराहा स्थित एक क्लीनिक पर मंगलवार की शाम ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। माहौल बिगड़ता देख चिकित्सक और कर्मी क्लीनिक छोड़कर भाग गए। बताया जा रहा है कि आशा कार्यकर्ता के झांसे में आकर परिजन जिला अस्पताल ले जाने की जगह प्रसूता को प्राइवेट क्लीनिक पर लेकर पहुंच गए।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी जितेंद्र कुशवाहा की पत्नी सुनीता देवी (36) गर्भवती थीं। मंगलवार की देर शाम सुनीता को दर्द शुरू हो गया। उसे 102 नंबर सेवा से परसियां चंदौर सीएचसी ले जाया गया। जहां कर्मचारियों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि आशा कार्यकर्ता के झांसे में आकर परिजन जिला अस्पताल ले जाने की जगह मगहरा चौराहे पर सलेमपुर मार्ग स्थित एक क्लीनिक पर पहुंच गए। जहां चिकित्सक ऑपरेशन की तैयारी करने में जुट गए। ऑपरेशन के दौरान सुनीता और उसके गर्भ में पल रहे मासूम की मौत हो गई। मौत की जानकारी होने पर परिजन बवाल काटने लगे। लेकिन समय की नजाकत देेख कर्मी फरार हो गए। क्लीनिक पर परिजन बवाल काट रहे थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मामले में पुलिस द्वारा दो लोगों को उठाए जाने की बात सामने आ रही है। इस संबंध में प्रभारी एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि जच्चा-बच्चा के मौत होने की सूचना है। मौके पर पुलिस गई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।