माहीगंज के ईंट-भट्ठे के मुंशी का पेड़ से लटका मिला शव
रुद्रपुर। माहीगंज गांव स्थित ईंट-भट्ठे के ऑफिस के पीछे बृहस्पतिवार की सुबह मुंशी का शव पीपल के पेड़ से लटका मिला। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रनिहवां गांव के राजेंद्र निषाद (55) माहीगंज गांव में स्थित ईंट भट्ठे पर मुंशी थे। सुबह पांच बजे भोर में उनका शव ईंट-भट्ठे के ऑफिस के पीछे पीपल के पेड़ से लटक रहा था। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार के लोगों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। मुंशी की अबूझ हाल में मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा है। राजेंद्र निषाद की पत्नी ज्योति देवी और बच्चों का रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों को मौत की वजह समझ में नहीं आ रही है। उनकी गांव में किसी से कोई अदावत भी नहीं थी। अचानक परिवार के मुखिया की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार मिश्र ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिवार के लोगों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।