मारपीट में मौत का आरोप लगा की सड़क जाम, पुलिस के पहुंचते भाग निकले
बैतालपुर। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सिरजम गांव के तेनुआ टोला में बृहस्पतिवार को बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन मारपीट में चोट से मौत बताकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर शव का रख प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के पहुंचते ही जाम लगा रहे लोग भाग निकले। इस दौरान करीब पंद्रह मिनट तक आवागमन बाधित रहा।
सिरजम गांव के तेनुआ टोला में रास्ते में चार पहिया वाहन खड़ी करने पर मंगलवार की देर रात मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। जिसमें एक व्यक्ति गंभीर से घायल हो गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। इसमें एक पक्ष की तहरीर के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। सुबह आरोपी पक्ष की सुभावती चौरसिया (80) पत्नी विभूति चौरसिया की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही प्रदर्शन करने वाले लोग तितर-बितर हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरीबाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने बताया कि मारपीट हुई थी। घायल एक व्यक्ति गोरखपुर मेडिकल में भर्ती है। महिला की मौत का मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।