क्रिटिकल बूथों पर होगा सीआरपीएफ का पहरा, मोबाइल पुलिस की भी लगेगी ड्यूटी
देवरिया। तीन मार्च को होने वाले मतदान के दिन वोटर निर्भीक होकर अपने पसंद के प्रत्याशी को वोट दे सकें, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूर्व के चुनावों में हुई घटनाओं को देखते हुए बूथों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। जनपद के 32 गांवों के बूथों को वल्नरेबल की श्रेणी में रखा गया है। जबकि 156 बूथों को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है।
मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने मतदेय स्थलों को क्रिटिकल, वल्नरेबल मतदेय स्थल की श्रेणी बनाया है। 156 बूथों को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है। वहां पर 70 फीसदी से अधिक पूर्व में मतदान हो चुका है और विवाद भी हुआ था। जबकि वल्नरेबल श्रेणी में 32 मतदेय स्थल हैं। यहां पर दबंग व्यक्ति, एक समुदाय विशेष का दबदबा रहता है। एक समुदाय के लोग दूसरे समुदाय या जाति के लोगों को वोट देने में बाधा डाल सकते हैं। इन बूथों पर दो स्तर की सुरक्षा होगी। अंदर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान नजर रखेंगे, पुलिस के जवान बाहर की सुुरक्षा और पुलिस की मोबाइल टीम भी होगी। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों श्रेणी में रखे गए मतदान केंद्रों पर अन्य बूथों से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।