भटनी। तमंचे के बल पर दंपति से बाइक सवार बदमाशों ने 26,500 नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के जेवरात लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भटनी के तरफ भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से पुलिस सकते में आ गई। पुलिस का कहना है कि पहले मामले की छानबीन की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
खुखुंदू थाना के पिपरा शुक्ल गांव निवासी संजय शुक्ला पडरौना में महेंद्रा बाइक की कंपनी में रिकवरी अफसर के पद पर कार्य करते हैं। मंगलवार को वह ससुराल भाटपाररानी थाना के बनकटा मिश्र गांव से पत्नी रिंकू शुक्ला को बाइक से लेकर सलेमपुर आए। यहां एक मिठाई की दुकान पर साले की शादी के लिए मिठाई तय की। इसके बाद पति-पत्नी पिपरा शुक्ल के लिए चले। दिन में करीब 1:15 बजे दोनों भटनी थाना के मिश्रौली कोइलार गांव के समीप पहुंचे थे कि सफेद रंग की आपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली। बाइक रोकते ही एक बदमाश ने संजय शुक्ला की कनपटी पर तमंचा तान दिया और दूसरे ने रिंकू शुक्ला का पर्स लूट लिया। इसमें नकदी रुपये समेत सोने का एक मंगल सूत्र, दो अंगूठी, एक चेन थी। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भटनी की ओर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। भटनी पुलिस सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरा घुसरी गांव निवासी बदमाश बड़का और छोटका के घर पहुंची और दोनों का फोटो ली। फोटो देखने के बाद पीड़ित दंपति ने लूट की घटना में दोनों भाइयों के शामिल होने की बात कही।