रुद्रपुर के बैदा गांव में बिजली के करंट से दो सगी बहनों की मौत हो गई। घटना शनिवार शाम करीब 7.30 बजे की है। दोनों बहनें सरांव इंटर कॉलेज में कक्षा 11 और 12 कक्षा की छात्रा थीं। उनके पिता थाने में चौकीदारी करते हैं।
बैदा गांव निवासी जगदीश पासवान के घर के सामने से 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूट कर एलटी लाइन पर गिर गया। जिससे उनके घर में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। यह देख उनकी बड़ी बेटी नीलमती (17 वर्ष) टीवी का प्लग निकालने गई और वह बिजली के बोर्ड में उतरे करंट की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुनकर बचाने के लिए छोटी बहन अंकिता (15 वर्ष) दौड़ी। वह भी करंट की चपेट में आकर चिपक गई। इस बीच वोल्टेज हाई होने से गांव में कोहराम मच गया।
वहीं जगदीश के घरवाले बेटियों को करंट लगने से चिल्लाने लगे। गांव के लोगों ने किसी तरह बिजली काट कर दोनों को अलग किया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। नीलमती की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग बुरी तरह झुलसी छोटी बेटी को लेकर सीएचसी रुद्रपुर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने अंकिता को मृत घोषित कर दिया। दोनों बहनें सरांव इंटर कॉलेज की छात्रा थी। नीलमती 12वीं की परीक्षा दे चुकी थी। वहीं अंकिता इस वर्ष 11वीं में पढ़ रही थी। बेटियों की मौत से पिता बिलख पड़े। अस्पताल में परिजनों की हृदय विदारक चीखों से पूरा मंजर गमगीन हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने बिजली अधिकारियों पर केस दर्ज कर लिया है।