मेहियवां के समीप सड़क हादसे में जितेन्द्र की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। मेहियवां गांव के समीप ट्रक-बाइक की भिड़ंत में दो दोस्तों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। तीनों दोस्त बगल के गांव के एक दोस्त के गौने में शामिल होने जा रहे थे। मौके पर पहुंचे परिवारीजन उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मदनपुर थानाक्षेत्र के भुलईपुर गांव निवासी कोमल यादव के पुत्र पंकज की शादी लार क्षेत्र के खरोहिया गांव में हुई है। मंगलवार को उसका गौना होना था। उसमें शामिल होने हरनहीं के पोखरा टोला निवासी जितेंद्र यादव पुत्र रामविलास, संजय यादव पुत्र कोमल यादव व हरनहीं गांव के राकेश गोंड़ पुत्र महंगू गोंड़ बाइक से जा रहे थे।
बरहज-पैना मार्ग पर मेहियवां के करीब पीपल के पेड़ के पास देर रात तेज रफ्तार से आ रही ट्रक से भिड़ंत हो गई। मौके पर ही जितेंद्र और संजय की मौत हो गई। राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल राकेश के फोन पर उसके परिवारीजन इलाज के लिए ले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया।