देवरिया। आईटीआई प्रथम वर्ष के एक छात्र की हत्या कर दी गई। देवरिया रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास दोनों रेलवे ट्रैक के बीच शव मिला। भोर में ही एक महिला की सूचना पर पहुंचे परिवारवालों ने उसकी पहचान की।
सूचना मिलने पर एसपी मयफोर्स मौके पर पहुंच गए। मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। सदर कोतवाली इलाके के महुअवां गांव निवासी लियाकत अली परिवार सहित भुजौली कॉलोनी में रहते हैं। उनके दो बेटों में परवेज आलम बड़ा बेटा था।
गौरीबाजार क्षेत्र के एक आईटीआई कॉलेज में वह प्रथम वर्ष का छात्र था। मंगलवार शाम छह बजे वह घर से निकला और लौटकर नहीं आया। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। बुधवार की भोर में एक महिला ने फोन कर परवेज के हत्या की सूचना दी।
उसने बताया कि रेलवे मालगोदाम के पास दोनों रेलवे ट्रैक के बीच उसका शव पड़ा है। सूचना के बाद पहुंचे परिवारवालों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। परिवारवालों ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एसपी मोहम्मद इमरान मयफोर्स मौके पर पहुंचे। छात्र के सिर, कमर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे। शव देखने से पता चल रहा था कि उसकी हत्या कहीं और करके यहां फेंका गया है।
मोबाइल उसके पास ही मिला है। कॉल डिटेल से पता चला है कि एक महिला से वह घंटों बात करता था। पुलिस को आशंका है कि हत्या इसी वजह से हुई है। एसपी के निर्देश पर शव के पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई। इस बाबत एएसपी एनके सिंह ने बताया कि रेलवे गोदाम के पास छात्र का शव मिला। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।