फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करंट से सगे भाइयों सहित तीन की मौत

Mon, 10 Apr 2017 10:50 PM IST
deoria
विज्ञापन
हादसा - फोटो : amarujala
विज्ञापन
देवरिया। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सोमवार की दोपहर जलकल चौराहे पर लगा लोहे के एंगल वाला होर्डिंग तार पर गिर गया। इससे आग लग गई। करंट मकान की रेलिंग में फैल गया। आग को बुझाने के चक्कर तीन युवक करंट की चपेट में आकर जल गए।      
विज्ञापन


शहर के सिंधी मिल कॉलोनी निवासी पिंटू सिंह जलकल रोड चौराहे पर लल्लू गुप्ता के मकान में डांस क्लास चलाते थे। बड़े भाई विवेक सिंह भी सहयोग करते थे। डांसिंग क्लास बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर है। मकान के सामने क्लास के प्रचार का बैनर लगा था। 
सोमवार की दोपहर डेढ़ बजे तेज हवा चल रही थी। इससे डांस क्लास का बैनर सामने से गुजर रहे हाईटेंशन तार पर जा गिरा। इससे बैनर में आग लग गई। क्लास में पिंटू सिंह, विवेक सिंह और प्रदीप मौजूद थे। तीनों आग को बुझाने पहुंचे। होर्डिंग का एक सिरा हाईटेंशन तार पर था तो दूसरा मकान की रेलिंग पर। यह बात तीनों को समझ में नहीं आई। होर्डिंग को हटाने और आग बुझाने के चक्कर में तीन हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। तीनों जल गए। बगल में दुकान चलाने वाले विनोद ने फायर यंत्र के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही एएसपी एनके सिंह, कोतवाल विजय सिंह गौर फोर्स के साथ पहुंचे। तत्काल बिजली की सप्लाई रोकी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लिया। तीनों की मौत से आसपास के लोग सहम गए।
विज्ञापन

मां-बाप से छीना औलाद का साया
देवरिया। 
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया। लोग कुदरत को कोस रहे थे। एक तरफ मां-बाप से औलाद का साया छिना तो दूसरी तरफ डांस क्लास में कोचिंग सीख रहे छात्र सड़क पर फफक कर रो पड़े। लोगों की आंखों से आंसू बंद होने का नाम नहीं ले रहा था जलकल रोड के लोग घटना के बाद घरों में दुबक गए। एक ही झटके में दो बेटों को खो चुके मां-बाप की आंखें पथरा गईं। उनके करुण क्रंदन से सैकड़ों की आंखें नम हो जा रही थीं।       
कसया ओवरब्रिज, रागिनी मोड़ पर पान की दुकान चलाने वाले विद्यार्थी सिंह के दो बेटे विवेक सिंह और पिंटू सिंह मुफिलसी देखकर आगे बढ़ रहे थे। मां सुशीला दोनों बेटों से बेहद प्यार करती थीं। विवेक की शादी हुई लेकिन ज्यादा दिन तक रिश्ता नहीं चला। फिर दोनों ने डांस क्लास खोल दिया। जहां सैकड़ों छात्र उनकी कक्षा में पहुंचते थे। सोमवार की दोपहर विवेक सिंह, पिंटू सिंह के साथ दानोपुर निवासी लेखपाल रामधनी का बेटा प्रदीप भी मौजूद था। क्लास में डांस सीखने वाले बच्चे नहीं थे। तीनों बैठकर बिरयानी खा रहे थे। इसी दौरान उसकी होर्डिंग में आग लग गई। हाईटेंशन तार पर होर्डिंग गिरने के बाद मकान की रेलिंग से चिपक गई। विवेक सिंह पहुंचा और होर्डिंग हटाने की कोशिश करने लगा। तभी करंट की चपेट में आया। उसे बचाने पिंटू सिंह और साथी प्रदीप भी पहुंचे लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर जल गए। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। दोनों बेटों के मौत की खबर पाकर परिजन जलकल रोड पहुुंच गए। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल विजय सिंह गौर ने कहा कि हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हादसा हुआ है।      

दुकानदार की समझदारी आई काम      
होर्डिंग में आग लगते ही नीचे दुकान चलाने वाले विनोद इलेक्ट्रॉनिक के लोग बाहर निकले। विनोद मौके पर पहुंचे, फायर यंत्र लेकर ऊपर चढ़ गए। उन्होंने तत्काल यंत्र को चालू कर आग बुझाया नहीं तो आग पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लेती। उन्होंने बताया कि आग लगते ही लोग भाग खड़े हुए।       
फफक कर रोड पर डांस क्लास के छात्र      
हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों की भीड़ मौके पर जुट गई। डांस क्लास के छात्र-छात्राएं भी मौके पर पहुंचे। पिंटू और विवेक का शव देखकर सभी फफक कर रोड पड़े। करीब दो घंटे तक लोग सड़क पर थे। फिर पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए।       
हादसे के बाद बंद हो गई सभी दुकान      
आग लगते ही कटरे की सभी दुकानें बंद हो गईं। लोग भाग खड़े हुए। तीनों को जलते कई लोगों ने देखा लेकिन उनकी हिम्मत जवाब दे गई। हादसे के बाद दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर लिया।

सामाजिक संगठनों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया
देवरिया। करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत पर विभिन्न संगठनों ने शोक जताया है। भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव की अगुवाई में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवारवालों को हिम्मत बंधाया। उनके साथ विधायक जनमेजय सिंह, संजय राव, अम्बिकेश पांडेय, रामदास मिश्र आदि शामिल रहे। पूर्व सभासद अशोक मद्धेशिया ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। भाजपा नेता शलभ मणि त्रिपाठी ने भी करंट लगने से तीन युवकों की मौत पर अफसोस जताया है। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के मंडल अध्यक्ष अरविंद गिरि और जिलाध्यक्ष सुधांशु रंजन मिश्र ने बिजली विभाग के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें