एकौना (ब्यूरो)। क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया। घटना पचलड़ी चौराहे पर रविवार की रात में हुई। वह छठ पूजा में शामिल होने परिवार के साथ ससुराल गए थे।
जगदीशपुर गांव के बीडीसी प्रमोद ने पचलड़ी चौराहे पर अपने मकान में कपड़े की दुकान खोल रखी है। परिवार भी साथ में रहता है। रविवार को वह छठ पूजा में शामिल होने के लिए ससुराल बेलवा दुबौली गए थे। सोमवार की सुबह दस बजे वह वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा था।
अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरे पड़े हुए थे। पीड़ित के अनुसार चोर सोने, चांदी के जेवर और पचास हजार रुपये नकदी चुरा ले गए। चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि चोरी की लगातार घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। चौराहे पर रात में पुलिस गश्त नहीं कर रही। घटना का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। चौराहे पर एक माह में चार बार दुकानों में चोरी हो चुकी है। इस बाबत थानाध्यक्ष विजय नारायण ने कहा कि चोरी की तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।