भटनी में घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी मो. इमरान।
- फोटो : अमर उजाला
भटनी। रेलवे लाइन के किनारे खून से सनी युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी हत्या गला रेतकर की गई है। जानकारी होते ही लोगों की भीड़ जुट गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
देवघाट गांव के पूरब तरफ रेलवे लाइन से कुछ दूरी पर औंधे मुंह पड़ी 25 वर्षीय युवती की लाश मंगलवार की सुबह लोगों ने देखा और सूचना पुलिस को दी। दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने लाश की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। युवती का गर्दन रेता गया था।
सिर पर पीछे चोट के निशान थे। एक हाथ के पंजे पर भी जख्म था। लाश के पास चप्पल और घड़ी पड़ी थी। हाथ में ईयर फोन था। मौका देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवती ने हत्यारों से संघर्ष किया है। पुलिस ने एक पुरुष हैंड गल्पस मौके से बरामद किया है।
घटनास्थल का भाटपाररानी सीओ ने भी निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि युवती की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार की शाम एसपी मो. इमरान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से पुलिस ने दो खाली बीयर के बोतल समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।