बहन की जगह परीक्षा देती पकड़ी गई युवती।
देवरिया में इंटरमीडिएट की परीक्षा में शनिवार को सचल दल की टीम दो नकलचियों को पकड़ने में कामयाब रही। इसमें दोनों परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा देते मिले। एक परीक्षार्थी अपनी बहन की जगह परीक्षा दे रही थी। इसमें केंद्र व्यवस्थापक की संलिप्तता मिली। दो कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त कर दिया गया।
शनिवार शाम की पाली में गणित द्वितीय प्रश्न पत्र का पेपर था। इसके लिए सचल दल जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह शाम की पाली में लक्ष्मीपुर पिपराइच स्थित सुदामा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे। जहां एक परीक्षार्थी की जगह दूसरा परीक्षार्थी इम्तहान देते पकड़ा गया।
इसके अलावा सुबह की पाली में बढ़या बुजुर्ग स्थित बाबा सिद्धनाथ इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी की जगह उसकी बहन परीक्षा देती पकड़ी गई। जांच पड़ताल के बाद डीआईओएस को केंद्र व्यवस्थापक की संलिप्तता मिली। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षार्थी के खिलाफ धोखाधड़ी की तहरीर दी। श्रीकृष्ण शिक्षण इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा गया। राजकुंवरी शील देवी गुलाबी कन्या विद्यालय में कक्ष निरीक्षक आशा त्रिपाठी और ऊषा त्रिपाठी को कार्यमुक्त कर दिया।