इलाके में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। दिल्ली से बहलाकर लाई गई युवती को महिला ने 80 हजार में बेच दिया। इस बीच युवती भाग निकली। युवती के भागने के बाद खरीदार ने बेचने वाले से पैसे वापस मांगे। पैसे न मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बेचने की आरोपी महिला के पिता के हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
सदर कोतवाली के कलौलीतीर निवासी ग्रामीण अपनी पत्नी के साथ दिल्ली गया था। वह वहां काम धंधा करता था। इस बीच ग्रामीण और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। दोनों अलग-अलग रहने लगे। कुछ दिन बाद ग्रामीण की पत्नी अपने मायके बांधुर बुजुर्ग गांव आई। वह अपने साथ दिल्ली से एक युवती भी लेकर आई। यहां उसने अपने पड़ोसी की मदद से युवती को 80 हजार रुपये में बेच दिया।
युवती को खरीदने वाले ममना गांव निवासी युवक उसे अपने साथ ले गया। रोहिणी की युवती ममना गांव गई और 20 दिन वहां रही। इस बीच वह शौच के बहाने घर से निकली और लौटकर नहीं आई। खरीदार युवक और उसके परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चला। इस पर वे बांधुर बुजुर्ग गांव पहुंचे और बेचने वालोें से पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इन लोगों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
इस पर खरीदार ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस बांधुर बुजुर्ग गांव पहुंची तो बेचने की आरोपी महिला नहीं मिली। इस पर पुलिस उसके पिता को थाने ले आई। इस मामले में थानाध्यक्ष वीके मिश्रा का कहना है कि जांच की जा रही है। युवती जिस महिला के साथ दिल्ली से आई थी, उसकी तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।