देवरिया। कोतवाली की लॉकअप से भागा संदिग्ध वाहन चोर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी युवक से पूछताछ करने के बाद पुलिस स्थानों पर दबिश दे रही है, जहां चोरी के वाहन रखने, फरारी के दौरान लोगों ने शरण दे रखा था। जबकि भाटपाररानी लॉकअप से हथकड़ी लेकर भागा शातिर वाहन चोर पुलिस की पहुंच से दूर है।
11 नवंबर की सुबह होमगार्ड को धक्का देकर कोतवाली पुलिस की लॉकअप से एक शातिर भाग गया था। आरोपी खुखुंदू थानाक्षेत्र के मुंडेरा का रहने वाला है। वाहन चोरी करते समय अमर ज्योति चौराहे पर रंगेहाथ पकड़ा गया था। स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वाहन लिफ्टर चार दिन तक थाने में रहा। मौका मिलते ही पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर शौच के बहाने भाग गया।
संदिग्ध युवक बुधवार की सुबह पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि फरारी के दौरान युवक को किसने शरण दी, चोरी के वाहन कहा रखे जाते थे, उनके खरीदार कौन हैं। इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। गौरतलब हो कि आठ नवंबर को भाटपाररानी इलाके से एक वाहन चोर हथकड़ी के साथ भाग गया था। आरोप था कि उसने एक युवक को गोली मारकर बाइक लूटी थी। अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।