पड़ौली गांव में झोपड़ी में लगी आग को बुझाते गांववाले।
- फोटो : अमर उजाला
घांटी बाजार। चूल्हे की चिंगारी से एक झोपड़ी में आग पकड़ ली। लोग अभी कुछ समझ पाते कि आग पड़ोस की झोपड़ियों में फैल गई। आगलगी की घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग में करीब तीन लाख का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके पर पहुंचे भाटपाररानी के तहसीलदार ने नुकसान का आकलन किया।
भटनी थाना के पड़ौली गांव निवासी रामप्रवेश यादव की पत्नी सोमवार को भोजन बना रही थी। सुबह करीब आठ बजे चूल्हे से निकाली चिंगारी से झोपड़ी में आग पकड़ ली। आग की लपट देख घरवालों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे गांववालों ने आग बुझानी शुरू की। आग पड़ोस के बिरक्षा यादव, विद्यावती देवी, भ्रजभूखल यादव और जगदीश की झोपड़ी जल गई। भ्रजभूखल के दो इंदिरा आवास हैं।
करीब डेढ़ घंटे प्रयास के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। आग में रामप्रवेश की एक बाइक और अन्य लोगों की एक-एक साइकिल जल गई। घरेलू सामान और गहने भी जल गए। पीड़ितों की मानें तो आग में करीब तीन लाख रुपये के सामान जले हैं। गांववालों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है। तहसीलदार ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि आगलगी से नुकसान हुए सामानों का आकलन कर लिया गया है। गौरतलब है कि लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी लेकिन आग बुझने के बाद वाहन पहुंचा। इस पर लोगों ने नाराजगी जताई।