युवक की मौत पर रोते बिलखते घर वाले।
- फोटो : अमर उजाला
रामलक्षन (देवरिया)। रुद्रपुर कोतवाली के मिश्रौलिया गांव के सतहवा टोले में सगे भाई ने बेटे के साथ छोटे भाई की लोहे की रॉड पीटकर हत्या कर दी। घटना सुबह सात बजे की है। जख्मी युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के पीछे बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी भाई और भतीजे को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार को मिश्रौलिया गांव के 45 वर्षीय सुरेश चौहान सुबह करीब सात बजे अपने खेत से सब्जी तोड़ने जा रहे थे। रास्ते में भाई और भतीजे ने लाठी और रॉड लेकर हमला कर दिया। सुरेश के सिर में गंभीर चोट आई। वह लहूलुहान होकर गिर गया। घायल को गांव वाले सीएससी रुद्रपुर लेकर गए। डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे बंटवारे का विवाद और महिलाओं के बीच कहासुनी बताई जा रही है। एक दिन पहले दोनों घर की महिलाओं के बीच कहासुनी हुई थी। दोनों भाइयों के बीच परिवार की महिलाओं को लेकर अकसर विवाद होता रहता था।
सोमवार रात भी दोनों भाइयों के परिवार की महिलाओं में झगड़ा हुआ था। पुलिस आरोपी भाई मुलुकनाथ और उसके बेटे बृजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक वीरबहादुर सिंह ने कहा कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।