सलेमपुर। रोपाई कर रहे मजदूरों के लिए समोसा लाने गए युवा किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई। सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर पुरैना के पास तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
कोतवाली क्षेत्र के पिपरा भानमती गांव निवासी बबुंदर यादव (35) रविवार को खेत में धान की रोपाई करा रहा था। वह मजदूरों के नास्ते के लिए समोसा लाने पैदल पुरैना गया था। समोसा लेने के बाद वह सड़क के किनारे होकर खेत में जा रहे थे। इस बीच देवरिया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बबुंदर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। सूचना पर कोतवाल हमराहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।