देवरिया से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे युवक की सोनूघाट चौराहे पर मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। वह बिहार के सिवान के मैरवां का रहने वाला था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर परिवार को सूचना दी।
बिहार, सिवान के मैरवां का रहने वाला रमेश सोनी( 40)शुक्रवार को किसी काम से देवरिया शहर में आया था। काम निपटाने में उसे देर हो गई। रात के समय वह बाइक से घर के लिए निकला। अभी वह सोनूघाट चौराहे पर पहुंचा था कि सामने से आ रहे चार पहिया से टक्कर हो गई।
हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर परिवारवालों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर चले गए।